Farrukhabad News : गुरुवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज रेलवे स्टेशन के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर राहगीरों व यात्रियों की मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की। बाद में मृतक की पहचान दिल्ली के सोनिया बिहार निवासी पन्नालाल के 36 वर्षीय पुत्र जितेंद्र के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, वह दीपावली की शाम से लापता थे।

रेलवे स्टेशन के पास सड़क किनारे मिला शव
जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज रेलवे स्टेशन के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी इमरान फरीद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की गई। इसी दौरान नवाबगंज निवासी धर्मेंद्र ने मृतक की पहचान अपने जीजा जितेंद्र के रूप में की। उन्होंने बताया कि जितेंद्र दिल्ली के सोनिया विहार निवासी पन्नालाल के 36 वर्षीय पुत्र थे।

दीपावली की शाम से लापता थे जितेंद्र
धर्मेंद्र ने बताया कि उनके जीजा जितेंद्र दीपावली की शाम से घर से लापता थे। वह कायमगंज कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में यहां आए, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं है। उन्होंने बताया कि जितेंद्र सिलाई का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी जूली और 10 वर्षीय बेटा आशीष है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
जितेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी जूली समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत के कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


























