फर्रुखाबाद : कमरे में जल रही मार्टिन से लगी आग, एक मासूम की दर्दनाक मौत और दूसरा गंभीर रूप से झुलसा

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव निजामुद्दीनपुर में रात के समय कमरे में जल रही मार्टिन (मच्छर भगाने की क्वाइल) से अचानक आग लग गई। इस हादसे के वक्त कमरे में दो मासूम बच्चे सो रहे थे जो आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। बता दें कि घटना के समय बच्चों के माता-पिता पड़ोस में ही एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कमरे से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से दोनों बच्चों को बाहर निकाला।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

परिजन तुरंत दोनों बच्चों को लेकर कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने के कारण सात वर्षीय अल्तमश को सैफई अस्पताल भेजा गया, जहां मंगलवार रात इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, नौ महीने के छोटे बच्चे अदनान का इलाज अभी भी चल रहा है और उसकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

गांव में पसरा मातम और पुलिस कार्रवाई

बुधवार शाम जब मासूम अल्तमश का शव उसके पैतृक गांव पहुंचा, तो पूरे इलाके में मातम छा गया। प्रधान प्रतिनिधि फैसल खां ने इस पूरी घटना की पुष्टि की है। हालांकि, स्थानीय थाना प्रभारी नितिन चौधरी का कहना है कि इस मामले की आधिकारिक जानकारी अभी थाने को नहीं मिली है। इस अप्रत्याशित हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें