फर्रुखाबाद : पटाखा चलाते समय स्टील का बर्तन फटा, गले में टुकड़ा लगने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत – परिवार में मचा कोहराम

Farrukhabad News : सोमवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल में पटाखा जलाने के दौरान हुए हादसे में आठ वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। बता दें कि स्टील के बर्तन में रखकर पटाखा जलाने के दौरान बर्तन फट गया और उसका एक टुकड़ा बालक के गले में जा लगा। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

कंपिल
मृतक मासूम सम्राट कठेरिया का फाइल फोटो

घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रहा था बालक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला पट्टी मदारी निवासी अजय कठेरिया का आठ वर्षीय पुत्र सम्राट सोमवार सुबह करीब नौ बजे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान किसी बच्चे ने स्टील के बर्तन में पटाखा रखकर जला दिया। पटाखे के तेज धमाके से बर्तन फट गया और उसका एक टुकड़ा सम्राट के गले में जा लगा। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बालक को निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए फर्रुखाबाद ले जाने की सलाह दी। जिसके बाद परिजन उसे फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन शव को घर ले आए।

परिवार में पसरा मातम, मां का रो-रोकर बुरा हाल

मासूम की मौत की सूचना पर मां काजल समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्राट तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता अजय कठेरिया मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

पुलिस को मिली मौखिक सूचना

मृतक के चाचा एवं सभासद सत्यवीर माथुर ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना के समय बालक घर के पास सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान स्टील के बर्तन में पटाखा जलाया गया और बर्तन का टुकड़ा सम्राट के गले में जा लगा। वहीं थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि बालक की मौत की मौखिक सूचना मिली है। अभी तक इस संबंध में कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें