Farrukhabad News : शुक्रवार की देर शाम जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कुबेरपुर में ‘जोया कलेक्शन’ नामक कपड़े की मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री से ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं, जिसे देखकर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

गनीमत रही कि जुमे की छुट्टी के चलते टला बड़ा जानी नुकसान
नगर के मोहल्ला बजरिया बेगराज निवासी फैक्ट्री मालिक मोहम्मद हाशिम ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी फैक्ट्री में कुर्ती, लोअर और टी-शर्ट की मैन्युफैक्चरिंग की जाती है। चूंकि शुक्रवार (जुमे) का दिन था, इसलिए फैक्ट्री के सभी कर्मचारियों की छुट्टी थी। हालांकि, आग की चपेट में आने से लगभग 22 लाख रुपये की कीमत का तैयार माल व कच्चा माल समेत मशीनरी जलकर पूरी तरह खाक हो गई।

दमकल की टीमों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए तुरंत ही घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और फैक्ट्री मालिक को दी गई। सूचना मिलते ही कायमगंज और एटा की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

अग्निशमन अधिकारी ने लिया जायजा, जांच पड़ताल जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन अधिकारी प्रांशु अवस्थी ने भी तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट ही माना जा रहा है। वही आपको बता दें की कस्वा चौकी प्रभारी इमरान फरीद ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।


























