फर्रुखाबाद: स्कूल से घर लौट रही मासूम छात्रा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल – ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करते समय हुआ हादसा

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही एक मासूम छात्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो अन्य छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से मृतक छात्रा के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

कमालगंज
मृतक छात्रा नूर फातिमा का फाइल फोटो

अचानक तबीयत बिगड़ने पर घर छोड़ा जा रहा था

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव गुलरिया निवासी सद्दाम खान की आठ वर्षीय पुत्री नूर फातिमा सरफाबाद स्थित एआरके मेमोरियल एजुकेशन सेंटर में कक्षा एक की छात्रा थी। बुधवार सुबह पढ़ाई के दौरान अचानक पेट में दर्द होने पर उसने इसकी जानकारी शिक्षक को दी, जिसके बाद प्रधानाचार्य सैफ अली ने उसे घर भेजने की बात कही। परिवार के ही कक्षा नौ के छात्र जैद (16) और अलकेश (17) उसे बाइक से घर वापस लेकर आ रहे थे।

कमालगंज
कमालगंज

ओवरटेक करने के दौरान हुआ भीषण हादसा

रास्ते में गुलरिया गांव के निकट जब बाइक सवार ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तो सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। इस असंतुलन के कारण बाइक पर सवार नूर फातिमा नीचे गिर पड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे के तुरंत बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने नूर फातिमा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल जैद को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

कमालगंज
कमालगंज

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। मां रोशन बेगम और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद वाहन चालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें