Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज फर्रुखाबाद मार्ग पर स्थित पपड़ी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बता दें कि जनपद एटा के जैथरा थाना क्षेत्र के रूपधनी गांव निवासी 25 वर्षीय गौरव सक्सेना अपनी पत्नी काजल और सास अर्चना देवी के साथ बाइक से अपने ननिहाल से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी और सास को भी चोटें आईं।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए मदद की और तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी कायमगंज पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। गौरव ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

करवा चौथ की खुशियां बदलीं मातम में
आपको बता दें कि गौरव की शादी महज पांच माह पहले ही कासगंज जनपद के बहोरा गांव निवासी काजल के साथ हुई थी। घर में करवा चौथ के पावन पर्व की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस अनहोनी ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया। करवा चौथ से ठीक एक दिन पहले पति की अचानक हुई मौत से पत्नी काजल और उनकी मां अर्चना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


























