फर्रुखाबाद : कृषि विभाग ने 30 बीज दुकानों पर की ताबड़तोड़ छापेमारी, 3 दुकानदारों को नोटिस

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में किसानों को उच्च गुणवत्ता और निर्धारित मूल्य पर बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर के आदेश पर जनपद की सभी तहसीलों में कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है। टीम ने जनपद की विभिन्न बीज केंद्रों पर औचक निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई की।

15 नमूनों की जांच और सख्त निर्देश

छापेमारी के दौरान प्रशासनिक और कृषि विभाग की टीमों द्वारा कुल 30 बीज प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। आपको बता दें कि गुणवत्ता की जांच के लिए बीजों के 15 सैंपल ग्रहण किए गए। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रदेश की अधिकृत प्रयोगशालाओं में भेजा जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच रिपोर्ट में बीज अमानक पाए जाते हैं, तो संबंधित विक्रेताओं के लाइसेंस तुरंत निरस्त किए जाएंगे और उनके खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

गायब मिलने वाले दुकानदारों पर कसा शिकंजा

निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर अनियमितताएं भी सामने आईं। जांच के वक्त बिना किसी वैध कारण के अपनी दुकानें बंद कर गायब मिलने वाले 3 प्रतिष्ठानों मैसर्स प्रिंस कृषि सेवा केंद्र, रौकरी, मैसर्स एग्री जंक्शन सवितापुर, और मैसर्स आकाश कृषि सेवा केंद्र, रौकरी —के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. यदि इन दुकानदारों की तरफ से संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो उनके बीज लाइसेंस निलंबित या स्थाई रूप से निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

किसानों के हित में आगे भी जारी रहेगा अभियान

प्रशासन की ओर से साफ किया गया है कि अन्नदाताओं के हितों की रक्षा के लिए यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। सभी बीज विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने स्टॉक और बिक्री रजिस्टर को अनिवार्य रूप से जिला कृषि अधिकारी कार्यालय से प्रमाणित कराकर ही रखें। साथ ही, जिस भी बीज कंपनी का बीज बेचा जा रहा है, उसका अथॉरिटी लेटर लाइसेंस में अवश्य अंकित होना चाहिए।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें