Farrukhabad News : इटावा-बरेली हाईवे पर गुरुवार की देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। बता दें कि फर्रूखाबाद से अल्लागंज की ओर जा रही एक पिकअप गाड़ी जैसे ही रामगंगा पुल पर पहुँची, ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। पिकअप पुल की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए नीचे खेत में जा गिरी। घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुल पर रखा पत्थर बना हादसे की वजह
स्थानीय निवासियों और राहगीरों का कहना है कि रामगंगा पुल के बीचों-बीच निर्माण कार्य के समय का एक बड़ा पत्थर रखा हुआ है, जिसे लंबे समय से हटाया नहीं गया है। संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के बावजूद लापरवाही बरती जा रही है, जो इस सड़क दुर्घटना का एक प्रमुख कारण बनी। हादसे में पिकअप के परखचे उड़ गए और चालक के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर राजेपुर (फर्रूखाबाद) और अल्लागंज (शाहजहांपुर) थाना पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन दोनों ही थानों की पुलिस घटना स्थल को अपने क्षेत्र का मानने से इंकार करती नजर आई। राजेपुर थानाध्यक्ष दर्शन सिंह और अल्लागंज प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह दोनों ने ही दुर्घटना क्षेत्र अपने अधिकार क्षेत्र में न होने की बात कही, जिससे पुलिस के ढुलमुल रवैये को लेकर स्थानीय लोगों में रोष दिखा।


























