Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित के गांव भरखा निवासी 48 वर्षीय श्रीपाल कुशवाहा, जो पेशे से राजमिस्त्री थे, गुरुवार दोपहर अचानक अस्वस्थ हो गए। इलाज के लिए वे पास के ही भरखा चौराहे पर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने उन्हें एक इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद उनकी तबीयत और अधिक बिगड़ने लगी।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, परिजनों में मचा कोहराम
श्रीपाल की हालत गंभीर होते देख परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए शहर के अस्पताल लेकर जाने लगे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और चीख-पुकार मच गई। वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक अपनी दुकान बंद करके मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, सीएमओ को दी गई सूचना
सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक श्रीपाल के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। साथ ही, पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को देकर मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ जांच और सख्त कार्रवाई के लिए कहा है।


























