Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज में 14 वर्ष के वनवास के बाद प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने और राज्याभिषेक के साथ ऐतिहासिक रामलीला का समापन हो गया। श्रीराम लीला समिति की ओर से सीपी ग्राउंड में आयोजित रामलीला के अंतिम दिन पूरे शहर में अपार उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। पुरानी गल्ला मंडी चौराहे पर आयोजित भरत मिलाप का मंचन इतना जीवंत और भावपूर्ण था कि प्रभु श्रीराम और भरत के मिलन के दृश्य को देखकर मौजूद दर्शकों की आंखें नम हो गईं। इस दौरान पूरे क्षेत्र में ‘जय श्रीराम’ के जयकारों की गूंज से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
देखें तस्वीरें…








गुरु वशिष्ठ ने किया प्रभु श्रीराम का पहला तिलक
राज्याभिषेक समारोह की शुरुआत वैदिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ की गई। मंच पर सबसे पहले गुरु वशिष्ठ ने प्रभु श्रीराम का पहला तिलक कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद अन्य विप्रजनों और ब्राह्मणों को पूजन व तिलक करने की अनुमति दी गई। पूरी विधि-विधान से संपन्न हुए इस पावन आयोजन ने रामराज्य की प्राचीन मान्यताओं और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत कर दिया।

समिति अध्यक्ष समेत गणमान्य लोगों ने किया पूजन
राज्याभिषेक समारोह के अंतिम पड़ाव में श्रीराम लीला समिति के अध्यक्ष सत्य प्रकाश अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, मिथलेश अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला, संजय गुप्ता, राम प्रकाश यादव, राजेश अग्निहोत्री, आदेश अग्निहोत्री, डॉ विकास शर्मा, अमित सेठ पीयूष अग्रवाल, पिंटू राठौर, रश्मि दुबे, मधु गंगवार समेत शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों ने मंच पर पहुंचकर प्रभु श्रीराम का तिलक किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक अनुष्ठान और प्रभु आरती के साथ इस वर्ष की रामलीला का समापन हुआ। अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।


























