Farrukhabad Darpan : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और तहसील कार्यालय के पास अक्सर लगने वाले भारी जाम को देखते हुए प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पुलिया तिराहे से जामा मस्जिद तक सड़क किनारे हुए अतिक्रमण के कारण दिन में कई बार यातायात ठप हो जाता है। इससे सामान्य राहगीरों के साथ-साथ एंबुलेंस में जाने वाले गंभीर मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन ने अब कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिया तिराहे से जामा मस्जिद तक हुई पैमाइश
एसडीएम अभिषेक वर्मा के निर्देशों के बाद शनिवार शाम राजस्व निरीक्षक शिवनारायण तिवारी, लेखपाल तामेश्वर राणा और नगर पालिका कर्मियों की टीम ने क्षेत्र में नापजोख शुरू की। सड़क के बीच से दोनों ओर पैमाइश की गई। टावर तक सड़क के मध्य से दोनों तरफ 8-8 मीटर तथा टावर से जामा मस्जिद तक 6-6 मीटर तक नाप ली गई। इस दौरान कई दुकानों और भवनों के अंदर तक फीता पहुँचा और अधिकारियों ने निशान लगाकर अतिक्रमण का दायरा चिन्हित कर दिया।

अतिक्रमणकारियों को दिया जाएगा नोटिस, स्वयं हटाने की अपील
राजस्व निरीक्षक ने बताया कि जिन-जिन भवनों और दुकानों में अतिक्रमण पाया गया है, उन पर लाल निशान से सीमा दर्ज कर दी गई है। जल्द ही सभी संबंधित भवन स्वामियों और दुकानदारों को नोटिस जारी कर खुद ही अतिक्रमण हटाने का मौका दिया जाएगा। यदि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर पालिका प्रशासन सख्त कार्रवाई करते हुए इसे खुद हटवाएगा। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया है।


























