जनपद फर्रूखाबाद के कायमगंज तहसील क्षेत्र के गांव पचरौली महादेवपुर निवासी 78 वर्षीय बुजुर्ग मलिखान सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने साठगांठ कर उन्हें सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित कर दिया। पीड़ित बुजुर्ग के अनुसार, फर्जी कागजात तैयार कर उनकी लगभग 25 बीघा जमीन अपने नाम दर्ज करा ली गई है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फर्जी दस्तावेज और विरासत दर्ज कराने का आरोप
शिकायतकर्ता मलिखान सिंह का कहना है कि कुछ लोगों ने सरकारी कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र और परिवार रजिस्टर की नकल जारी करवाई। इसके बाद नायब तहसीलदार कायमगंज के न्यायालय में फर्जी शपथ-पत्र प्रस्तुत कर जमीन पर वारिसान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। न्यायालय द्वारा 19 मार्च 2026 को धारा 34 के तहत आदेश पारित होने के बाद 10 अगस्त 2026 को जब पीड़ित निजी काम से तहसील पहुंचे और खतौनी निकलवाई, तब उन्हें इस पूरी साजिश की जानकारी हुई।

कार्रवाई की मांग पर मिला आश्वासन
पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि निरक्षर होने के कारण उनके साथ यह धोखाधड़ी की गई और शिकायत करने पर उन्हें परिणाम भुगतने की धमकियां भी दी जा रही हैं। उन्होंने उच्च अधिकारियों से राजस्व अभिलेखों की जांच कराकर अपनी जमीन वापस दिलाने की गुहार लगाई है। इस मामले में एसडीएम अभिषेक वर्मा ने बताया कि पीड़ित न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रख सकते हैं। यदि विरासत दर्ज कराने में किसी भी प्रकार की फर्जीवाड़े की पुष्टि होती है, तो न्यायालय के माध्यम से संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























