जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्थित रोडवेज वर्कशॉप के पास मंगलवार की दोपहर को रूपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में अचानक विवाद हो गया। फतेहगढ़ की सैनिक कॉलोनी निवासी पूर्व सैनिक शिवकुमार और उनके साले अमित के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। बता दें कि अमित अपने बहनोई के घर रुपये मांगने गया था, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला सड़क पर आ गया।

चाकूबाजी में तीन लोग हुए घायल
रोडवेज वर्कशॉप के पास दोनों आमने-सामने आए तो विवाद काफी बढ़ गया। बहस के दौरान मारपीट और धारदार हथियार (चाकू) चलने की घटना हुई। इस आपसी झगड़े में पूर्व सैनिक शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साले अमित और उनके एक साथी भोला सिंह को भी चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई।

पुलिस की कार्रवाई और इलाज जारी
सूचना मिलते ही कोतवाली के उपनिरीक्षक कासिफ हनीफ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पूर्व सैनिक शिवकुमार को उपचार के लिए मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं साले अमित को कोतवाली लाया गया और साथी भोला सिंह का लोहिया अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। फतेहगढ़ कोतवाल तेज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि, साले-बहनोई के बीच विवाद का मामला सामने आया है और पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है।


























