जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र से साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां एक महिला को बिजली बिल माफ कराने का झांसा देकर 15,000 रुपए की ठगी कर ली गई। पीड़ित महिला को मामले की जानकारी तब हुई जब वह बिजली विभाग के कार्यालय पहुंची। इसके बाद पीड़िता ने अपने पति के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कॉल करके दिया छूट और नया कनेक्शन देने का झांसा
जानकारी के मुताबिक, कुंवरपुर इमलाक (रायपुर) निवासी रीना बेगम का बिजली बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन काट दिया गया था। इसी बीच उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को बिजली विभाग से जुड़ा कर्मचारी बताया। उसने दावा किया कि यदि वह 20,000 के बकाया बिल की जगह 15,000 जमा कर देती हैं, तो उनका पूरा बिल समायोजित कर दिया जाएगा और नया मीटर लगाकर कनेक्शन तुरंत जोड़ दिया जाएगा।
विद्युत उपकेंद्र पहुंचने पर खुला ठगी का राज
आरोपी की बातों में आकर महिला ने बताए गए माध्यम से ₹15,000 भेज दिए। लेकिन जब चार-पांच दिनों तक कोई भी कर्मचारी कनेक्शन जोड़ने नहीं पहुंचा, तो महिला रुटौल विद्युत उपकेंद्र पहुंची। वहां अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से ऐसा कोई ऑफर नहीं दिया गया है और वह साइबर ठगी का शिकार हुई हैं।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत, जांच जारी
बिजली विभाग के अधिकारियों की सलाह पर पीड़िता ने कायमगंज कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस को वह मोबाइल नंबर भी सौंपा गया है जिससे कॉल आई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


























