मंगलवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित शकुन्तला देवी शिक्षण संस्थान में छात्र-छात्राओं के भीतर नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी व विशिष्ट अतिथि के रूप में कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

नन्हें लीडर्स को बैज और शपथ
इस दौरान विद्यालय की छात्र परिषद का गठन किया गया। मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने विद्यालय प्रमुख हेड बॉय, हेड गर्ल, उप प्रमुख, क्रीड़ा प्रमुख, हाउस कैप्टन व कक्षा प्रमुखों एवं उप-प्रमुखों को बैज प्रदान कर उनके पदों की शपथ दिलाई। अतिथियों ने विद्यार्थियों को उनके दायित्वों और अधिकारों के विषय में अवगत कराया।

देखें कार्यक्रम की तस्वीरें…




सच्चा लीडर वही, जो सबको साथ लेकर चले : अतिथि
समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बच्चों को दिए गए दायित्वों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एक अच्छा लीडर वही होता है जो अपनी पूरी टीम को साथ लेकर आगे बढ़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सीख दी कि पद मिलने पर कभी अहंकार नहीं करना चाहिए, बल्कि अपनी जिम्मेदारियों को समझकर सहजता से कार्य करना चाहिए।

अनुशासन और कर्तव्य निष्ठा पर जोर
विद्यालय की प्रबंधिका मोनिका अग्रवाल ने सभी नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए अपनी जिम्मेदारियों को पूरी लगन और निष्ठा से निभाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि अनुशासन ही सफलता की कुंजी है और इन दायित्वों के माध्यम से बच्चे जीवन में बड़ी जिम्मेदारियां संभालना सीखते हैं। कार्यक्रम के समापन पर अंग्रेजी माध्यम के प्रधानाचार्य अनिल बाबू तिवारी ने आए हुए सभी अतिथियों व आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से उपस्थित रहे
बता दें कि इस गरिमामयी कार्यक्रम में हिंदी माध्यम के प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव, अंग्रेजी माध्यम जूनियर विंग की प्रधानाचार्य नाहिद जाफरी, उप-प्रधानाचार्य प्रभंजन कुमार, संतोष शर्मा, ममता सिंह, लक्ष्मी गंगवार, विकास कुमार श्रीवास्तव, मनीष गौर, राजीव गंगवार, अजेंद्र कश्यप व माहीन खान समेत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का कुशल और सफल मंच संचालन सुरभि श्रीवास्तव व ईशू सिंह ने संयुक्त रूप से किया।


























