फर्रुखाबाद : कायमगंज में दहेज में नहीं मिली चार पहिया गाड़ी, तो ससुराल वालों ने नवविवाहिता पर धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला

जनपद फर्रुखाबाद कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गंगा दरवाजा (शिवाला मंदिर के पास) निवासी नवविवाहिता दिव्या को उसके ही ससुराल वालों ने मौत के घाट उतारने की कोशिश की। आरोप है कि शादी के महज दो साल बाद ही पति और ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज के रूप में चार पहिया गाड़ी और मोटी नकदी की मांग शुरू कर दी थी। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो उन्होंने दिव्या के साथ बेरहमी से मारपीट की और उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर लहूलुहान कर दिया।

मायके वालों ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

चीख-पुकार और लहूलुहान हालत में पीड़िता ने किसी तरह अपने मायके पक्ष को फोन पर इस जुल्म की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मायके वाले आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और लहूलुहान दिव्या को देखकर दंग रह गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को इलाज और मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मायके वालों ने पुलिस में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

इस पूरे सनसनीखेज मामले पर कायमगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम एक्टिव हो गई थी। पीड़ित पक्ष की तरफ से लिखित तहरीर मिल चुकी है और महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बेहद सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें