जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने ओमवीर राठौर हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरजीत उर्फ ननकू यादव को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। एनकाउंटर के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस क्रॉस फायरिंग में आरोपी सुरजीत के पैर में गोली लगी है।
कंकाल मिलने के 24 घंटे के भीतर पुलिस का बड़ा एक्शन
आपको बता दें कि यह मामला तब गरमाया जब एक दिन पहले ही पुलिस ने रामू यादव के खेत से ओमवीर राठौर का कंकाल बरामद किया था। मृतक की पत्नी धर्मशिला ने रामू यादव और उसके भाई सुरजीत यादव समेत अन्य लोगों पर अपहरण और हत्या का केस दर्ज कराया था। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस कप्तान आरती सिंह के निर्देश पर एसओजी टीम और स्थानीय पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिया के नीचे छिपा था कातिल, सिपाही भी हुआ जख्मी
थानाध्यक्ष रक्षा सिंह को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सुरजीत यादव गांव गुजरपुर पमारान के पास एक पुलिया के नीचे छिपा है। पुलिस टीम ने जब उसे सरेंडर करने को कहा, तो उसने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में यूपी पुलिस का बहादुर सिपाही वसीम भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। फिलहाल घायल आरोपी और सिपाही दोनों को इलाज के लिए राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है।


















