फर्रुखाबाद में विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम रविंद्र कुमार सिंह को सौंपा। इस ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की रही। संगठन का कहना है कि समाज और संस्कृति में गाय का स्थान सर्वोपरि है, इसलिए इसे सरकारी स्तर पर सर्वोच्च सम्मान मिलना चाहिए।
मथुरा की घटना को बताया ‘निर्मम हत्या’, जांच की मांग
संगठन ने मथुरा में गौ सेवक ‘फरसा वाले बाबा’ की ट्रक से कुचलकर हुई मौत पर गहरा रोष व्यक्त किया है। महासंघ के सदस्यों ने इसे सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि एक ‘निर्मम हत्या’ करार दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और सख्त सजा देने की अपील की है।
गौ रक्षकों की सुरक्षा और मुकदमों की वापसी पर जोर
ज्ञापन में प्रदेश भर में सक्रिय गौ रक्षकों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मांग की है कि गौ सेवा में लगे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष कानून बनाए जाएं। साथ ही, गौ रक्षा के दौरान गौ रक्षकों पर दर्ज हुए पुराने मुकदमों को तुरंत वापस लेने और गौ सेवकों को आधिकारिक लाइसेंस उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई है।
कलेक्ट्रेट में जुटे दिग्गज, एकजुटता का प्रदर्शन
जिला अध्यक्ष अरविंद शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान जिला महामंत्री विभोर सोमवंशी, नगर अध्यक्ष सुधीर कुमार, माथुर मिश्रा, जिला संयोजक रवि चौहान, मीडिया प्रभारी आलोक दीक्षित समेत अनुराग सिंह, संगीता अवस्थी, सुमन, संजीव कुमार सिंह और विजय शुक्ला जैसे कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















