जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में बीती रात पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस चेकिंग के दौरान खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी (बाल अपचारी) को मौके से दबोच लिया गया। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस का एक जांबाज सिपाही भी घायल हुआ है।

चेकिंग के दौरान हुआ आमना-सामना, चलीं गोलियां
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उगरपुर ट्यूबवेल और मंदिर के पास बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली। मोहम्मदाबाद और मऊ दरवाजा पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी उपेंद्र उर्फ रॉकी के पैर में गोली लगी, जिसे तुरंत लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिपाही दिग्विजय सिंह भी हुए घायल, अस्पताल में भर्ती
अपराधियों के साथ हुई इस सीधी मुठभेड़ में कांस्टेबल दिग्विजय सिंह भी घायल हो गए हैं। उनके हाथ में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के बदमाशों में हड़कंप मच गया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से अवैध असलहे और अन्य सामान बरामद किए जाने की खबर है।

लूट की बड़ी वारदातों का खुलासा, उगल रहे राज
पूछताछ में पता चला कि ये आरोपी पिछले दिनों एक ई-रिक्शा चालक के साथ हुई लूट की घटना में शामिल थे। आरोपियों ने कबूल किया है कि उन्होंने तीन महीने पहले मऊ दरवाजा क्षेत्र में एक साइकिल सवार से भी लूटपाट की थी। पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। इस पूरे ऑपरेशन में ह्यूमन इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की बड़ी भूमिका रही।


















