फर्रुखाबाद : हत्यारोपी को पुलिस ने भेजा जेल, चाकू से गोदकर की थी युवक की हत्या – अन्य आरोपियों की तलाश जारी

जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गंगोली गांव में सोमवार की रात मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक होनहार युवक की जान चली गई। बता दें कि आरोपी राजेश उर्फ पप्पू कनौजिया ने पीड़ित अखिलेश कुमार को फोन कर गंदी-गंदी गालियां दीं और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। जब अखिलेश का भाई कमलेश और भतीजा वैभव इसकी शिकायत करने राजेश के घर पहुंचे, तो वहां विवाद और बढ़ गया।

बांके से वैभव के पेट पर किया जानलेवा वार

शिकायत करने पहुंचे परिजनों पर आरोपी राजेश, उसकी मां पूर्णा देवी और भाई विजय कुमार टूट पड़े। आरोप है कि गाली-गलौज और मारपीट के बीच राजेश ने जान से मारने की नीयत से छात्र वैभव के पेट में चाकू (धारदार हथियार) घोंप दिया। चाकू लगते ही वैभव खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग और वैभव की मां मौके पर पहुंचे, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में वैभव को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

होली से पहले गांव में मातम, अंतिम विदाई में उमड़ी भीड़

त्योहार की खुशियों के बीच हुई इस हत्या से पूरे गंगोली गांव में शोक की लहर है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब वैभव का शव गांव पहुंचा, तो हर आंख नम थी। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में परिजनों ने वैभव का अंतिम संस्कार किया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, उनका कहना है कि वैभव का किसी से कोई व्यक्तिगत झगड़ा नहीं था, वह तो बस अपने पिता और चाचा के साथ बात सुलझाने गया था।

पुलिस की कार्रवाई : मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। थाना अध्यक्ष अजब सिंह ने जानकारी दी कि मुख्य आरोपी राजेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उसकी माँ पूर्णा देवी और भाई विजय कुमार अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

फर्रुखाबाद : गाली-गलौज की शिकायत करने गए युवक को पड़ोसी ने चाकू से गोदा, मौत – आरोपी हिरासत में।

Leave a Comment

और पढ़ें