फर्रुखाबाद : गाली-गलौज की शिकायत करने गए युवक को पड़ोसी ने चाकू से गोदा, मौत – आरोपी हिरासत में।

जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव गांगुली में मामूली कहासुनी ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। महज फोन पर हुई गाली-गलौज का विरोध करना एक पिता को इतना भारी पड़ा कि उसे अपने 18 वर्षीय जवान बेटे की लाश उठानी पड़ी। मृतक की पहचान वैभव कनौजिया के रूप में हुई है, जो बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था और अपने घर का इकलौता चिराग था।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

पड़ोसी की बदतमीजी ने ले ली वैभव की जान

घटना सोमवार देर शाम की है। बताया जा रहा है कि गांव गांगुली निवासी राजेश कनौजिया ने फतेहगढ़ में रहने वाले अखिलेश की पत्नी रेनू को फोन किया और बिना किसी वजह के गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अखिलेश ने इस बात की शिकायत अपने भाई कमलेश (वैभव के पिता) से की, तो कमलेश अपने बेटे वैभव के साथ पड़ोसी राजेश के घर उलाहना देने पहुंचे। लेकिन वहां बातचीत के बजाय खूनी खेल शुरू हो गया। गुस्से में तमतमाए राजेश ने अचानक चाकू निकाला और वैभव पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

दो बहनों का इकलौता भाई था वैभव, अस्पताल में तोड़ा दम

चाकू के हमले से वैभव लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे लोहिया अस्पताल लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर प्रदीप राजपूत ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। वैभव की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। दो बहनों के बीच इकलौते भाई की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

पुलिस की कार्रवाई: आरोपी राजेश गिरफ्तार

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अरुण कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजेश को हिरासत में ले लिया है। एएसपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक रंजिश और तात्कालिक विवाद का लग रहा है। पुलिस हर एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें