फर्रुखाबाद : होली की खुशी मातम में बदली, सड़क हादसे में राजमिस्त्री की मौत – साथी गंभीर घायल

मंगलवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में चौरसिया मझोला के पास दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों व राहगीरों की मदद से दोनों अस्पताल में भर्ती कराया।

होली उठाने जा रहा था रिश्तेदारी में, रास्ते में काल ने घेरा

जानकारी के मुताबिक, फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के नौखंडा निवासी 36 वर्षीय पवन, अपने दोस्त महेश के साथ बाइक से कायमगंज जा रहे थे। वे अपनी रिश्तेदारी में ‘होली उठाने’ जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे जैसे ही उनकी बाइक चौरसिया मझोला के पास पहुंची, सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार का सहारा छिना

हादसे के बाद दोनों घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान शाम को पवन ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल महेश की हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। मृतक पवन पेशे से राजमिस्त्री था और अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य होने के कारण अब परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, पुलिस जांच में जुटी

पवन की मौत की खबर मिलते ही पत्नी पायल और पूरे परिवार में कोहराम मच गया। दो साल के बेटे कृष्ण और महज पांच महीने की बेटी दृष्टि को अब यह भी नहीं पता कि उनके पिता अब कभी लौटकर नहीं आएंगे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें