Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कमालगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय रजीपुरा और राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मतदाता सूची का अवलोकन किया और बीएलओ से फार्म-6, फार्म-7 व फार्म-8 के वितरण, प्राप्ति तथा डिजिटाइजेशन की प्रगति जानी।

नए मतदाताओं और ईपी रेशियो पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ को घर-घर सर्वेक्षण कर 18 से 19 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने को कहा। उन्होंने जनसंख्या के अनुपात में ईपी रेशियो बढ़ाने और भरे हुए फार्मों का समय पर डिजिटाइजेशन पूरा करने पर बल दिया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि अभियान में लापरवाही मिलने पर संबंधित बीएलओ की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

प्राथमिक विद्यालय में बच्चों व सुविधाओं की जांच
बूथ निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय रजीपुरा का भी जायजा लिया। बच्चों से बातचीत करने के बाद जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापिका शबाना अंजुम को कक्षाओं में रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार मिड-डे मील देने, बच्चों की नियमित उपस्थिति के लिए अभिभावकों को प्रेरित करने तथा विद्यालय के मुख्य द्वार के पास साफ-सफाई कराकर लाइव लोकेशन सहित फोटो भेजने को भी कहा।

























