उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद के सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के एटा-अलीगढ़ हाईवे पर स्थित हुसैनपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक दिल्ली में मजदूरी करते थे और होली की छुट्टियां बिताने अपने घर फर्रुखाबाद लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें अपना ग्रास बना लिया।

मृतकों की पहचान, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र के गांव घसिया चिलौली निवासी राजू के 24 वर्षीय पुत्र असलम, कम्पिल के मोहल्ला चौधरियान निवासी इकबालुद्दीन के 22 में वर्षीय पुत्र मुस्तकीम और दिल्ली के नांगलोई निवासी मुन्ने खां के 20 वर्षीय पुत्र समीर के रूप में हुई है। युवकों की मौत की सूचना पर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया
मृतक असलम अपने परिवार का सहारा था। मृतक छह भाई बहनों में दूसरे नंबर का था असलम की मौत की सूचना पर मां तायरा बेगम और पत्नी नगीना का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं, मुस्तकीम अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। मुस्तकीम की एक साल की मासूम बेटी है, जिसे शायद यह भी नहीं पता कि उसके पिता अब कभी लौटकर नहीं आएंगे। मुस्तकीम की पत्नी शबनम और मां निशारा बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


















