जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इटावा-बरेली हाईवे (NH 730C) पर गांव मुराहस कन्हैया के पास दो ट्रैक्टरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद के गांव हरकमपुर निवासी 28 वर्षीय धीरेंद्र कुमार उर्फ धीरू अपने साथी दीपक और सुखेंद्र के साथ ट्रैक्टर पर आलू लादकर फर्रुखाबाद के एसआर कोल्ड स्टोरेज जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अन्य ट्रैक्टर ने उनके वाहन में जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
हादसे की सूचना मिलते ही चीख-पुकार मच गई और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों घायलों धीरेंद्र और दीपक को जिला अस्पताल लोहिया ले जाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर एन. हुड्डा ने धीरेंद्र कुमार को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दीपक की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने धीरेंद्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

आठ भाइयों में सबसे छोटा था धीरेंद्र, मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। मृतक धीरेंद्र अपने आठ भाइयों में सबसे छोटा और सबका लाड़ला था। धीरेंद्र की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। उसकी मां मुन्नी देवी और पत्नी वंदना का रो-रोकर बुरा हाल है। धीरेंद्र अपने पीछे 4 साल की बेटी कशिश और 2 साल के मासूम बेटे वंश को छोड़ गया है। मासूम बच्चों को अभी यह भी नहीं पता कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे।


















