फर्रुखाबाद : समोसे की दुकान में लगी भीषण आग, 1.50 लाख का नुकसान – घंटों बाद पाया गया काबू

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज विकासखंड स्थित कंपिल चौराहे के पास अलीगंज रोड पर रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक समोसे की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकानदार निशांत सैनी के मुताबिक, वह रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। करीब 10:30 बजे उन्हें फोन के जरिए दुकान में आग लगने की सूचना मिली।

देखते ही देखते विकराल हुई आग

जब दुकानदार मौके पर पहुंचे तो दुकान से आग की ऊंची लपटें निकल रही थीं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हैरानी की बात यह रही कि दुकान में बिजली का कोई कनेक्शन नहीं था, जिससे आग लगने के कारणों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

कम्पिल
कम्पिल

सारा सामान जलकर राख

दुकानदार के अनुसार आग में 14 रिफाइंड तेल के टीन, 6 घी के डिब्बे, 2 चीनी की बोरियां, 2 बेसन की बोरियां और 8 मैदा की बोरियां समेत अन्य सामग्री पूरी तरह जल गई। इस अग्निकांड में करीब 1 लाख 50 हजार रुपए का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।

स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी

पड़ोस में प्लंबर की दुकान चलाने वाले शकील खान ने बताया कि सबसे पहले स्थानीय लोगों ने ही आग देखी और दुकानदार को फोन कर सूचना दी। इसके बाद लोगों ने शटर का ताला तोड़कर कुछ सामान बाहर निकालने की कोशिश भी की।

कम्पिल
कम्पिल

डायल 112 और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और कंपिल पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने में मदद की। स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची, बढ़ा नुकसान

स्थानीय लोगों ने बताया कि अग्निशमन विभाग को समय रहते सूचना दे दी गई थी, लेकिन कायमगंज में फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध न होने के कारण फतेहगढ़ से वाहन आने में घंटों लग गए। इसी देरी के चलते आग और ज्यादा फैल गई और नुकसान बढ़ गया।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें