फर्रुखाबाद : कब्रिस्तान की जमीन पर बने मार्केट की जांच, सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की तैयारी

जनपद फर्रुखाबाद के कम्पिल में सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। नायब तहसीलदार अनवर हुसैन ने बताया कि अवैध कब्जाधारकों और उनसे जुड़े लोगों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। सभी को मंगलवार सुबह तक खुद से अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया गया है।

न हटाया कब्जा तो चलेगा बुलडोजर

प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि अगर तय समय तक अवैध कब्जा नहीं हटाया गया, तो बलपूर्वक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कम्पिल
कम्पिल

शक़ील मार्केट की पैमाइश, कब्रिस्तान भूमि का मामला

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने शक़ील मार्केट का सीमांकन भी कराया। राजस्व टीम के अनुसार, मार्केट का कुछ हिस्सा कब्रिस्तान की जमीन पर बना हुआ है। हालांकि, मार्केट संचालक शक़ील ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि निर्माण नगर पंचायत के नक्शे के अनुसार हुआ है और मामला फिलहाल हाईकोर्ट में विचाराधीन है।

कोचिंग सेंटर केस के बाद तेज हुई कार्रवाई

कायमगंज के कंपिल थाना क्षेत्र में कोचिंग सेंटर में छात्रा से दुष्कर्म के मामले के बाद प्रशासन अब आरोपियों से जुड़े अवैध निर्माणों पर भी शिकंजा कस रहा है। सोमवार देर शाम भारी पुलिस बल के साथ राजस्व टीम ने सरकारी जमीन पर बने निर्माणों की पैमाइश की।

दुकानों को किया गया चिन्हित

शमसाबाद क्षेत्र में नायब तहसीलदार के नेतृत्व में लेखपालों की टीम ने कोचिंग सेंटर के सामने बनी कई दुकानों को चिन्हित किया है। ये दुकानें आरोपी शिबू और सलमान से जुड़ी बताई जा रही है जांच में पुष्टि हुई है कि दुकानों का निर्माण अतिक्रमण कर किया गया है।

नवीन परती भूमि पर भी कब्जा उजागर

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अनस ने गांव निजामुद्दीनपुर में ‘नवीन परती’ भूमि (गाटा संख्या 336) पर अवैध कब्जा कर रखा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए हर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें