फर्रुखाबाद : घर के अंदर फंदे पर लटकी मिली युवती, परिवार ने जताई हत्या की आशंका – पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

शनिवार की शाम जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला टिलिया ग्वालटोली मोहल्ले निवासी 19 वर्षीय युवती का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान रामवीर की बेटी नैना के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को खबर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फर्रुखाबाद
मृतक नैना का फाइल फोटो

छोटी बहन ने देखा मंजर, परिवार में कोहराम

मृतका की छोटी बहन स्कूल से घर लौटी तो उसने नैना को फांसी के फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और तुरंत परिवार व पड़ोसियों को जानकारी दी। परिजनों के अनुसार, युवती की मां का पहले ही निधन हो चुका है और पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं। घटना के समय पिता और भाई काम पर गए हुए थे। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और लोग घर के बाहर जमा हो गए।

कायमगंज
कायमगंज

परिवार ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस को दी तहरीर

मृतका के भाई राजू ने मोहल्ले के तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उनका कहना है कि उनकी बहन की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी अगली कार्रवाई

कोतवाली फतेहगढ़ के प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिल गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और आरोपों की सच्चाई जानने में जुटी है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें