जनपद फर्रुखाबाद में यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को नकलमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। 18 फरवरी 2026 से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिले के 79 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा हर हाल में पारदर्शी और नियमों के अनुसार कराई जाएगी।

CCTV, इंटरनेट और बिजली की डबल व्यवस्था अनिवार्य
बैठक में सभी परीक्षा केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। फर्नीचर, पेयजल, शौचालय, बिजली और हाईस्पीड इंटरनेट के साथ वॉयस रिकॉर्डर वाले CCTV कैमरे अनिवार्य किए गए हैं। हर केंद्र पर स्ट्रांग रूम बनाया जाएगा, जिसमें प्रश्नपत्र रखने के लिए चार डबल लॉक अलमारियां होंगी। प्रशासन ने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और सभी व्यवस्थाएं दो दिन में पूरी करनी होंगी।

स्ट्रांग रूम पर कड़ी सुरक्षा, लॉग बुक रखना जरूरी
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम की निगरानी सख्त रहेगी। अलमारियों की चाबियां स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित थानाध्यक्ष के पास रहेंगी। स्ट्रांग रूम खोलने और बंद करने का पूरा रिकॉर्ड लॉग बुक में दर्ज किया जाएगा। यह लॉग बुक पुलिस की निगरानी में रहेगी। रिजर्व प्रश्नपत्रों के लिए अलग अलमारी की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई है।

छात्रों की सख्त चेकिंग, बालिकाओं की जांच महिला स्टाफ करेगा
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग होगी। खास निर्देश दिया गया है कि बालिका परीक्षार्थियों की जांच केवल महिला कर्मचारी ही करेंगी। सभी केंद्र व्यवस्थापकों से कहा गया है कि कक्ष निरीक्षकों की मांग समय से भेजें और परीक्षा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 का सख्ती से पालन होगा।

समस्या होने पर तुरंत कंट्रोल रूम से संपर्क करें
डीएम ने नए केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि सभी नियमों का अक्षरशः पालन करें। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए जिला कंट्रोल रूम नंबर 05692-234153 और प्रभारी के मोबाइल 9450109285 पर तुरंत संपर्क करें। साथ ही परीक्षार्थियों के मोबाइल और अन्य सामान रखने के लिए अलग व्यवस्था करने को भी कहा गया है।


















