फर्रुखाबाद : खेत के चारो ओर लगे बिजली के तारों से गई ग्रामीण की जान – गांव में बवाल कई घायल

जनपद फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के अर्रापहाड़पुर गांव में करंट वाले तार की चपेट में आने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रस्ट से जुड़े लोगों पर हमला कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग खेतों में करंट छोड़ने को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

फर्रुखाबाद
मृतक सर्वेश यादव का फाइल फोटो

रात से लापता थे सर्वेश, सुबह मिला शव

जानकारी के मुताबिक अर्रापहाड़पुर निवासी 40 वर्षीय सर्वेश यादव बुधवार रात सब्जी मंडी से घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही लापता हो गए। गुरुवार सुबह उनका शव गांव से कुछ दूरी पर हनुमान जी ट्रस्ट की जमीन पर खेतों के चारों ओर लगे तारों के पास मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि फसल सुरक्षा के नाम पर तारों में अवैध करंट छोड़ा गया था, जिसकी चपेट में आकर सर्वेश की मौत हो गई।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

तार हटाने पहुंचे युवक पर हमला, कई घायल

घटना के बाद जब ट्रस्ट के सर्वांकर एकलव्य का बेटा मानव सिंह मौके पर पहुंचकर तार हटाने लगा तो ग्रामीण भड़क गए और उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद एकलव्य और उनके अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे तो भीड़ ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले लिलीगंज सिविल अस्पताल और फिर हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। ग्रामीणों की मांग पर तहसीलदार सनी कनौजिया ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से खींची गई बिजली केबल कटवाई। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अभय वर्मा और थाना अध्यक्ष कपिल कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

एफआईआर दर्ज, जांच जारी

मृतक के भाई देवेंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने ट्रस्ट के सर्वांकर एकलव्य, उनके बेटे मानव सिंह और अन्य के खिलाफ लापरवाही से मौत, गाली-गलौज और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें