फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को कोविड-19 महामारी के दौरान सेवाएं देने वाले कर्मियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई। लंबे समय से नियुक्ति की मांग कर रहे कोविड कर्मियों को आखिरकार नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान कई कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।

सांसद, डीएम और एसपी ने किया नियुक्ति पत्र वितरण
कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने चयनित कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। अधिकारियों ने कहा कि कोरोना काल में इन कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा की, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत डॉक्टरों की नियुक्ति
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं में संविदा चिकित्सकों के पदों पर चयनित डॉक्टरों को भी नियुक्ति पत्र दिए गए। इसमें डॉ. रोहित तिवारी, डॉ. यशराज सिंह भदौरिया, डॉ. तान्या राठौर और डॉ. प्रदीप कुमार शामिल हैं। सभी डॉक्टरों को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात किया जाएगा।

35 कोविड स्टाफ को मिला रोजगार
इसके अतिरिक्त कोविड-19 स्टाफ के 35 सदस्यों को वार्ड बॉय, आया, स्वीपर और टेक्नीशियन जैसे पदों पर समायोजित किया गया। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद कर्मचारियों ने प्रशासन का आभार जताया और कहा कि यह उनके संघर्ष की जीत है।

धरना प्रदर्शन के बाद हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि 13 जनवरी को कोविड कर्मियों ने सीएमओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रशासन ने उनके अभिलेखों का सत्यापन कराया। सभी दस्तावेज सही पाए जाने पर शुक्रवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।



















