कायमगंज स्थित सी.पी. विद्या निकेतन में 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कायमगंज श्री अतुल कुमार सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ, जिससे पूरा माहौल देशप्रेम से गूंज उठा।

अतिथियों का हुआ गर्मजोशी से स्वागत
इस अवसर पर गेस्ट ऑफ ऑनर डॉ. आर.के. चटवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सी.पी. विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री योगेश चंद्र तिवारी ने मंच से सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए और कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

संविधान, अनुशासन और देशसेवा का दिया संदेश
मुख्य अतिथि एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने अपने संबोधन में संविधान के मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और देश की एकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के रास्ते पर चलने का आह्वान किया। वहीं डॉ. आर.के. चटवाल ने युवाओं को देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।

देशभक्ति कार्यक्रमों ने जीता दिल
कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य और गीत दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। “वंदे मातरम्”, “जय हो” जैसे गीतों पर आधारित प्रस्तुतियों ने माहौल को भावुक कर दिया। कक्षा 9 के छात्र विराट यादव और अभिषान मिश्रा द्वारा सुनाई गई देशभक्ति कविताओं ने श्रोताओं में जोश भर दिया। स्वच्छता पर आधारित नाटक के जरिए छात्रों ने साफ-सफाई का संदेश भी दिया।

शिक्षकों और प्रबंधन ने की सराहना
विद्यालय प्रबंधक सत्य प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि आज की पीढ़ी को गणतंत्र और उसके आदर्शों की पूरी जानकारी होना जरूरी है। निदेशिका डॉ. मितलेश अग्रवाल ने छात्रों को देशप्रेम, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सीख दी।

सम्मान और धन्यवाद के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि और गेस्ट ऑफ ऑनर को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन अंग्रेजी माध्यम के प्रधानाचार्य आर.के. बाजपेयी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य दीपक कुमार जैन डॉक्टर मनोज तिवारी मनोज श्रीवास्तव पंकज शुक्ला हरीश पचौरी, एस.के बाजपेई, गोविंद गुप्ता अनुज गंगवार निर्मला चौहान प्रदीप शाह के नेहा त्रिवेदी समेत अन्य शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रही।


















