फर्रुखाबाद : गंगा स्नान के दौरान अचानक बिगड़ी कल्पवास कर रहीं बुजुर्ग महिला की हालत, इलाज के दौरान मौत

जनपद फर्रुखाबाद के प्रसिद्ध पंचाल घाट पर गंगा स्नान के दौरान कल्पवास के लिए आई हरदोई की एक बुजुर्ग महिला की अचानक हालत बिगड़ गई। अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।

ठंडे पानी ने छीना संतुलन, गंगा में गिरी महिला

आपको बता दें कि जनपद हरदोई के लखनौर गांव निवासी 65 वर्षीय निर्मला अपनी बहन उर्मिला और अन्य रिश्तेदारों के साथ कल्पवास के लिए फर्रुखाबाद आई थीं। रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे वह पंचाल घाट पर गंगा स्नान कर रही थीं। इसी दौरान अत्यधिक ठंडे पानी की वजह से उन्हें तेज ठंड लग गई, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा में गिर पड़ीं।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

साथियों ने बचाया, लेकिन हालत रही गंभीर

निर्मला के साथ स्नान कर रही महिलाओं ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत गंगा से बाहर निकाला। घटना की सूचना आसपास मौजूद लोगों को दी गई। महिला की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें ऑटो के माध्यम से लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन दूसरे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि दोपहर करीब एक बजे निर्मला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को अपने गांव ले गए।

छह साल से लगातार करती थीं कल्पवास

परिजनों ने बताया कि निर्मला पिछले छह वर्षों से नियमित रूप से कल्पवास के लिए फर्रुखाबाद आती थीं। रिश्तेदार प्रभात शुक्ला ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह ठंड लगना रही। साथ आए लोगों ने यह भी कहा कि उन्हें घाट पर तैनात एंबुलेंस की जानकारी नहीं थी, जिससे समय पर बेहतर सुविधा नहीं मिल सकी।

Leave a Comment

और पढ़ें