जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र में मंगलवार को हुए ई-रिक्शा हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कंपिल–रुदायन मार्ग पर मनिकपुर गांव के पास ई-रिक्शा पलटने से 27 वर्षीय युवक सोनू श्रीवास्तव की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और मामला बुधवार सुबह हंगामे में बदल गया।

कोतवाली गेट पर शव रखकर प्रदर्शन
बुधवार सुबह गुस्साए परिजन शव को लेकर कायमगंज कोतवाली पहुंच गए। परिजनों ने कोतवाली गेट पर शव रखकर जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि सोनू की मौत सामान्य हादसा नहीं, बल्कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। परिजन पोस्टमार्टम और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

पुलिस के समझाने पर माने परिजन
हंगामा बढ़ता देख कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने परिजनों को समझाया। स्थिति संभालने के बाद पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा, जहां पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

कैसे हुआ हादसा
नगर के मोहल्ला बजरिया रामलाल निवासी सोनू श्रीवास्तव ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार को वह अपने ई-रिक्शा में रस और बिस्किट लादकर रुदायन गया था। लौटते वक्त गांव मनिकपुर के पास अचानक ई-रिक्शा पलट गया, जिसमें दबकर सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। 108 एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी कायमगंज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने उठाए सवाल, मुआवजे की मांग
परिजनों का कहना है कि सोनू कायमगंज की एक बेकरी के लिए माल ढोने का काम करता था। उनका आरोप है कि काम के दौरान हुई इस मौत की जिम्मेदारी बेकरी प्रबंधन की भी बनती है। मृतक की पत्नी कल्पना ने कहा कि उनके पति की मौत संदिग्ध है और उनके छोटे बच्चों व परिवार के भरण-पोषण के लिए मुआवजा दिया जाना चाहिए।

पुलिस का बयान
कंपिल थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें बाद में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कायमगंज में दर्दनाक हादसा: ई-रिक्शा पलटने से युवक की मौत, पत्नी-बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़


















