जनपद फर्रुखाबाद में कैश कलेक्शन एजेंट से गोली मारकर लाखों रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बीते 15 दिसंबर को मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सकवाई निवासी कैश कलेक्शन एजेंट राजेश को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया था। बदमाशों ने राजेश को गोली मारकर करीब 7 लाख रुपए की नकदी लूट ली थी।

CCTV और मोबाइल बना पुलिस के लिए अहम सुराग
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही लुटेरों का एक मोबाइल फोन मौके पर गिरा मिला, जिसने पूरे मामले की कड़ी जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर में लूटी गई रकम की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी।
6 दिन बाद खुला राज, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
रविवार शाम करीब 4 बजे पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस सनसनीखेज लूटकांड का मास्टरमाइंड कपिल कुमार पुत्र कर्मवीर सिंह निवासी जरौठा, बलदेव (मथुरा) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

1.84 लाख नकद, मोबाइल और दस्तावेज बरामद
गिरफ्तार आरोपी कपिल कुमार के कब्जे से पुलिस ने 1,84,500 रुपए नकद, एक मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस और एक पर्स बरामद किया है। पुलिस के अनुसार कपिल पहले साल 2024 में मंडी रोड स्थित इफको में काम करता था, जहां उसकी पहचान कैश कलेक्शन एजेंट राकेश कुमार से हुई थी।

भाई और चचेरे भाई के साथ रची थी लूट की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि कपिल कुमार ने अपने छोटे भाई निखिल और चचेरे भाई मनीष सिकरवार के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। योजना के तहत निखिल और मनीष ने खुद को अनजान दिखाते हुए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार गोली मनीष सिकरवार ने चलाई थी।

फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
इस मामले में फरार चल रहे निखिल और मनीष सिकरवार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सख्त निर्देश दिए हैं। दोनों फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फर्रुखाबाद में दिनदहाड़े कैश एजेंट को गोली मार 7 लाख लूटे, कैश जमा करने जा रहा था बैंक


















