फर्रुखाबाद में दिनदहाड़े कैश एजेंट को गोली मार 7 लाख लूटे, कैश जमा करने जा रहा था बैंक

जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। नकदी लेकर बैंक जा रहे एक कैश एजेंट पर बदमाशों ने गोली चला दी और लाखों रुपए लूटकर फरार हो गए।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

बैंक से पहले ही बदमाशों ने किया हमला

जानकारी के अनुसार गांव सकवाई निवासी राजेश कुमार शर्मा रेडिएंट कैश कलेक्शन कंपनी में कार्यरत हैं। वह अलग-अलग स्थानों से नकदी इकट्ठा कर बैंक में जमा कराने जा रहे थे। जैसे ही वह शहर के गुंजन बिहार इलाके में पहुंचे, तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। करीब 100 मीटर तक पीछा करने के बाद बदमाशों ने कैश बैग छीनने की कोशिश की।

विरोध करने पर मारी गोली, पैर में लगी

राजेश कुमार ने जब बैग बदमाशों को देने से मना किया, तो बदमाशों ने उन पर फायर झोंक दिया। गोली उनके पैर में जा लगी और वह सड़क पर गिर पड़े। बदमाश मौके से नकदी भरा बैग लेकर फरार हो गए। घायल कर्मी के मुताबिक बैग में करीब 6 से 7 लाख रुपए की नकदी थी।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

लोहिया अस्पताल में भर्ती, पुलिस मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी सहित भारी पुलिस बल पहुंचा। डॉक्टरों ने घायल का उपचार शुरू किया, फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

एक बदमाश का मोबाइल मिला, CCTV खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मौके से एक खोखा कारतूस और बदमाशों का एक मोबाइल फोन बरामद किया है। शहर के प्रमुख चौराहों पर नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वारदात के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह ने बताया कि घायल कर्मचारी कैश कलेक्शन कंपनी में कार्यरत है। बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से पीछा कर लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें