जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित कन्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा के साथ मारपीट और उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा ने जमा किए गए 1200 रुपये की फीस की रसीद मांगी, जिसके बाद शिक्षक और प्रधानाचार्या ने उसके साथ गलत व्यवहार किया। यह घटना 13 नवंबर की बताई जा रही है।
पिता बोले – गलत तारीख की रसीद दी, सवाल करने पर परेशानी शुरू
कोतवाली क्षेत्र के गांव सत्तार नगर निवासी राजवीर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी रोशनी देवी ने विज्ञान वर्ग में प्रवेश के समय जमा की गई फीस की रसीद मांगी थी। शिक्षक ने रसीद तो दी—उस पर गलत तिथि लिखी थी। सहपाठियों द्वारा पूछने पर जब छात्रा ने बताया कि यह फीस की रसीद है, तो शिक्षक ने इसकी शिकायत प्रिंसिपल से कर दी।
“बिना सुने प्रिंसिपल ने मारा थप्पड़, नाम काटने की धमकी दी”
परिजनों का आरोप है कि प्रधानाचार्या विश्व मोहिनी पांडेय ने बिना कुछ सुने छात्रा को थप्पड़ मारा और धमकाया कि वे रसीद नहीं देते और उसका नाम स्कूल से काट दिया जाएगा। इसके बाद छात्रा को लगभग आधे घंटे तक ऑफिस के सामने मैदान में कान पकड़कर खड़ा रखा गया।
पुलिस पहुंची, छात्रा को घर भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिवार ने डायल 112 और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को घर भेजा। पिता का आरोप है कि उन्होंने पहले भी स्कूल द्वारा अतिरिक्त फीस वसूली और रसीद न देने की शिकायत की थी, इसी वजह से बदले की कार्रवाई की गई।
प्रिंसिपल बोलीं—“सारे आरोप झूठे हैं”
प्रधानाचार्या विश्व मोहिनी पांडेय ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि छात्रा के साथ न मारपीट हुई और न ही कोई उत्पीड़न। उनके अनुसार यह वही पुराना मामला है जब छात्रा मोबाइल लेकर स्कूल आई थी, जिस पर शिक्षक ने उसे डांटा था और पिता ने लिखित माफी भी दी थी।
अधिकारियों ने की जांच, परिजन नहीं पहुंचे—स्कूल प्रबंधन
स्कूल प्रबंधन का दावा है कि छात्रा के पिता ने बाद में कई अधिकारियों से शिकायत की थी, जिसके बाद डीआईओएस, एसडीएम, सीओ और पुलिस ने स्कूल में जांच की। जांच के दौरान पिता मौजूद नहीं थे। स्कूल का कहना है कि विज्ञान वर्ग की फीस तय है, लेकिन परिजन फीस देने से बचने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
राजवीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानाचार्या विश्व मोहिनी पांडेय और शिक्षक सौरभ के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप निरीक्षक सोमवीर सिंह को सौंपी गई है।


















