कायमगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ईको कार की टक्कर से बाइक सवार दो भाइयों की मौत हो गई। मृतकों के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी।
चचेरे भाई को रेलवे स्टेशन पर छोड़ने गया था
कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर खास निवासी सनी कुमार ने पुलिस को बताया कि 16 नवंबर 2025 की शाम उसका भाई नितेश कुमार नौकरी पर जाने के लिए घर से दिल्ली के लिए निकला था। नितेश को स्टेशन छोड़ने उसके ताऊ का बेटा अतुल कुमार बाइक (UP 76 AR 3380) से कायमगंज रेलवे स्टेशन ले जा रहा था।
रफ्तार में बेकाबू ईको कार ने मारी जोरदार टक्कर
दोनों जैसे ही कायमगंज–कंपिल रोड पर लखनपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी कायमगंज की ओर से आ रही ईको कार (UP 84 AH 9054) ने तेज गति और लापरवाही से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अतुल की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल ले जाते समय नितेश की भी गई जान
गंभीर रूप से घायल नितेश को आनन-फानन में लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। परिवार पर दोहरी मार के बाद गांव में मातम छा गया।
हादसे के बाद आरोपी चालक फरार
तहरीर के अनुसार, हादसे के बाद ईको कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सनी कुमार ने बताया कि अंतिम संस्कार और अन्य व्यवस्थाओं में व्यस्त होने के कारण वह घटना की जानकारी समय पर पुलिस को नहीं दे सका।
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने की न्याय की मांग
परिजनों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ईको कार और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।


















