कायमगंज में रेवेन्यू बार का बड़ा हल्ला बोल! SDM पर आरोप, अनिश्चितकालीन धरना शुरू — अधिवक्ताओं ने कहा “न्याय नहीं तो काम नहीं”

कायमगंज रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। आधा सैकड़ा से अधिक वकील हाथों में तख्तियां लेकर तहसील परिसर में बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

SDM पर गंभीर आरोप, ज्ञापन लेने से किया इंकार

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विशेश्वर दयाल यादव ने बताया कि सोमवार को मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी अतुल कुमार सिंह को सौंपने के लिए गए थे। लेकिन ज्ञापन पढ़ने के बजाय SDM बिना कुछ कहे अपने कार्यालय के अंदर चले गए और ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया। इसी के विरोध में अधिवक्ता अब अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।

लेखपालों पर भ्रष्टाचार का आरोप, जनता लूट का शिकार

अध्यक्ष ने कहा कि रियल टाइम खतौनी में अंश निर्धारण गलत तरीके से किया जाता है, और फिर सुधार के नाम पर पीड़ितों से मनमानी वसूली की जाती है। उन्होंने तहसील में प्राइवेट कर्मचारियों द्वारा अवैध वसूली की गंभीर शिकायत भी उठाई।

40 साल से लंबित आदेश, मृतक खातेदारों की वरासत नहीं

धरने पर बैठे वकीलों का कहना है कि खतौनी में दर्ज कई पुराने आदेशों को लागू नहीं किया जा रहा है। 40 साल से दर्ज जमीनों को असंक्रमणीय रूप में रखा गया है, लेकिन आज तक निफाज नहीं हुआ। मृतक खातेदारों के नाम हटाने व वारिस जोड़ने जैसी जरूरी प्रक्रियाएं भी सालों से लंबित हैं।

नियत तिथि पर आदेश नहीं, ग्रामीण परेशान

अधिवक्ताओं का कहना है कि कई मामलों में बहस पूरी होने के बाद भी आदेश नहीं दिए जा रहे, जिससे जनता को महीनों तक चक्कर काटने पड़ते हैं। यही वजह है कि बार एसोसिएशन ने साफ कह दिया — जब तक समस्याओं का समाधान नहीं, आंदोलन जारी रहेगा।aFxq

इन प्रमुख अधिवक्ताओं की मौजूदगी

धरने के दौरान सचिव अवनीश गंगवार, अनोखेलाल शाक्य, फहीम खान, ईश्वर चंद्र, आनंद शर्मा समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें