फर्रुखाबाद : कासगंज-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन 42 दिनों के लिए रद्द, पुल मरम्मत के चलते रेलवे ने लिया फैसला

फर्रुखाबाद और आसपास के रेल यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। रेल प्रशासन ने कानपुर सेंट्रल और किनारा स्टेशनों के बीच स्थित रेल पुल संख्या 110 पर इंजीनियरिंग काम के लिए 42 दिन का मेगा ब्लॉक घोषित किया है। इस मरम्मत कार्य की वजह से कासगंज-लखनऊ-कासगंज के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेनें सवा महीने से ज्यादा समय तक बंद रहेंगी। मरम्मत कार्य बेहद जरूरी होने के कारण रेलवे ने यह कड़ा फैसला लिया है।

ट्रेन संख्या और निरस्त होने की तारीखें

इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, लखनऊ जंक्शन से चलने वाली गाड़ी संख्या 55345 लखनऊ जंक्शन-कासगंज पैसेंजर ट्रेन 2 अप्रैल से 14 मई तक रद्द रहेगी। वहीं, कासगंज से चलने वाली गाड़ी संख्या 55346 कासगंज-लखनऊ जंक्शन पैसेंजर ट्रेन 1 अप्रैल से 13 मई तक कुल 43 फेरों के लिए निरस्त कर दी गई है।

मरम्मत के बाद फिर से शुरू होगी सेवा

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह मेगा ब्लॉक केवल रेल पुल की सुरक्षा और मजबूती के लिए लिया गया है। मरम्मत का काम पूरा होते ही इस ट्रेन को दोबारा अपने निर्धारित समय और रूट पर चालू कर दिया जाएगा। इस बीच यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें