फर्रुखाबाद : नवरात्र की तैयारी के लिए मिट्टी लेने गई महिला की टीला ढहने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Farrukhabad News : रविवार को सुबह जनपद फर्रुखाबाद फर्रुखाबाद में नवरात्रि की तैयारी के लिए मिट्टी लेने गई महिला की टीला ढहने से दर्दनाक मौत हो गई। पूरा मामला कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव देवरान गढ़िया का है। आगामी नवरात्र पर्व की तैयारियों के लिए अपने कच्चे घर की लिपाई-पुताई हेतु मिट्टी लेने गई 50 वर्षीय महिला किरन की अचानक मिट्टी का टीला ढहने से दबकर मौत हो गई।

फर्रुखाबाद
मृतका किरण का फाइल फोटो

गड्ढे में मिट्टी भरते समय अचानक भरभरा कर गिरा ऊपर का हिस्सा

बता दें कि मृतका किरन रविवार की सुबह करीब 7 बजे पड़ोस की एक अन्य महिला के साथ गांव के बाहर मिट्टी खोदने गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही साथी महिला मिट्टी भरकर हटी और किरन गड्ढे में उतरकर तसला भरने लगीं, तभी ऊपर से मिट्टी का भारी टीला अचानक भरभराकर उनके ऊपर आ गिरा। मलबे के नीचे दबने से महिला गंभीर रूप से फंस गईं, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मलबे से निकाला, पर नहीं बची जान

घटना के तुरंत बाद साथ मौजूद महिला ने चीख-पुकार मचा दी, जिसकी आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने बिना देर किए फावड़ों की मदद से तेजी से मिट्टी हटाई और अचेत अवस्था में किरन को बाहर निकाला। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

किसान परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

मृतका के पति रमेश पेशे से एक साधारण किसान हैं जो खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके परिवार में दो बेटे संदीप व सचिन और दो बेटियां संध्या व बुलबुल हैं। मां की अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से बच्चों और पति का रो-रोकर बुरा हाल है। नवरात्र के पावन पर्व की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को अंदर से झकझोर कर रख दिया है और हर किसी की आंखें नम हैं।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें