फर्रुखाबाद : कायमगंज में शारदीय नवरात्र और आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई कड़े निर्देश

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज कोतवाली में आगामी शारदीय नवरात्र और अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अभिषेक वर्मा और क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय वर्मा ने संयुक्त रूप से की। बैठक के दौरान त्योहारों के अवसर पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के कड़ाई से पालन पर प्रमुखता से चर्चा हुई।

दुर्गा पंडालों के लिए सुरक्षा के सख्त गाइडलाइंस

क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने दुर्गा पूजा आयोजकों को सुरक्षा से जुड़ी गाइडलाइंस का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही, आयोजक समिति के सदस्यों को एक विशेष ड्रेस कोड में रहना होगा ताकि उनकी पहचान आसानी से हो सके और वे पंडाल में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की गतिविधियों पर पैनी नजर रख सकें।

डीजे की ध्वनि, प्रतिमाओं की ऊंचाई और विसर्जन की व्यवस्था

सीओ अजय वर्मा ने निर्देश दिए कि डीजे की आवाज तय मानक सीमा के भीतर ही रखी जाए और मूर्तियों की ऊंचाई भी निर्धारित नियमों के अनुकूल हो। उन्होंने जानकारी दी कि सभी प्रतिमाओं का विसर्जन एक ही दिन ढाई घाट गंगा तट पर किया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं के सम्मान पर जोर

एसडीएम अभिषेक वर्मा ने नगर पालिका को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई और आवारा पशुओं के नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इसके अलावा प्रमुख मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और तय रूट में कोई बदलाव न करने की हिदायत दी गई। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें