Farrukhabad News : जनपद फर्रूखाबाद में पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बता दें कि कादरी गेट पुलिस ने नारायणपुर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास DD मोटर्स गैराज पर छापेमारी कर अवैध रूप से रखी गई आतिशबाजी बरामद की। पुलिस को बुधवार शाम इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद कार्रवाई करते हुए 11 कार्टून आतिशबाजी जब्त की गई।
भारी मात्रा में पटाखे और बम बरामद
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से 120 स्काई शॉट जैकपॉट, 6 बड़ी फुलझड़ी और 2 छोटी फुलझड़ी बरामद की गईं। इसके अलावा अनार ट्राई कलर, अनार चटाई, सुपर डीलक्स अनार, सुप्रीम चकरी, फ्लावर पार्ट डीलक्स और सुतली बम सहित कई प्रकार के पटाखे जब्त किए गए हैं। गैराज में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के अमीन खां मोहल्ले के निवासी दुर्गेश शाक्य व देवेश शाक्य और कुइयां बूट निवासी राघवेंद्र कुमार शामिल हैं। तीनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह माल कहां से लाया गया था।


























