फर्रुखाबाद : रबी फसलों के बीज पर 50% अनुदान, जानिए कैसे करें ऑनलाइन बुकिंग

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत उप कृषि निदेशक अरविन्द मोहन मिश्र ने सभी कृषक भाइयों, किसान प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों का स्वागत करके की। इसके बाद जिलाधिकारी की अनुमति से औपचारिक कार्यवाही शुरू हुई। जिला विकास अधिकारी ने 17 सितंबर 2026 से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी देते हुए सभी से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का अनुरोध किया। कृषि विभाग की ओर से बताया गया कि रबी सत्र में फसलों के बीज की नि:शुल्क मिनीकिट और 50 प्रतिशत अनुदान के लिए किसान आधिकारिक पोर्टल (upagriculture.com) पर बुकिंग कर सकते हैं। बीजों का आवंटन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

ओवररेटिंग और कालाबाजारी पर जिलाधिकारी का सख्त रुख

बैठक के दौरान जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि चना, मटर, मसूर, सरसों और तोरिया की मिनीकिट के लिए किसान बुकिंग करा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। यदि किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर वसूलने या ओवररेटिंग की शिकायत मिली, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान प्रगतिशील कृषक शिव प्रताप सिंह चौहान ने मुद्दा उठाया कि फुटकर विक्रेता 60 रुपए प्रति किलो की दर से चीनी बेच रहे हैं, जबकि सरकारी दर 46 रुपया निर्धारित है। इस पर जिलाधिकारी महोदया ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच कमेटी का गठन किया और डीलर व थोक व्यापारी के स्टॉक की गहन जांच के निर्देश दिए।

विद्युत कटौती, पशु टीकाकरण और बैंकिंग समस्याओं पर कड़े निर्देश

कृषक रामबहादुर राजपूत ने अघोषित विद्युत कटौती का मुद्दा उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को कटौती के कारणों की गहन जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को जनपद के सभी गांवों में कराए गए पशु टीकाकरण का विकास खंड वार कवरेज और क्रॉस-चेकिंग कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया। ग्रामीण बैंकों के मर्जर के बाद IFSC कोड बदलने से किसानों को अनुदान राशि प्राप्त करने में आ रही कठिनाई पर भी ध्यान आकर्षित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों और ज्ञापनों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त आदेश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित तमाम विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें