फर्रुखाबाद : ट्रांसफॉर्मर के पास मिला अज्ञात युवक का जला हुआ शव, जांच में जुटी पुलिस

Farrukhabad News : शनिवार की देर शाम जनपद फर्रूखाबाद के कादरीगेट थाना की पांचाल घाट चौराहे से सब्जी मंडी की ओर जाने वाले मार्ग पर लगे बिजली के ट्रांसफार्मर के केबल बॉक्स के पीछे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बता दें कि शाम करीब 7 बजे जब आसपास के राहगीरों को केबल बॉक्स के पास से तेज दुर्गंध आई, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पांचाल घाट चौकी पुलिस को दी।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

बिजली सप्लाई बंद कराकर निकाला गया शव

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी और कादरीगेट थानाध्यक्ष कपिल चौधरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सबसे पहले बिजली विभाग के लाइनमैन को बुलाकर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप कराई गई। इसके बाद पुलिस और तकनीकी टीम ने केबल बॉक्स को आगे की ओर झुकाकर सावधानीपूर्वक शव को बाहर निकाला।

एक-दो दिन पुराना बताया जा रहा है मामला

मौके पर मौजूद लोगों और प्राथमिक आकलन के अनुसार, शव करीब एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। स्थानीय स्तर पर युवक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका व्यक्त की जा रही है, हालांकि प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शव पर झुलसने जैसे निशान मिलने के बाद पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

पहचान के प्रयास और पुलिस कार्रवाई

थानाध्यक्ष कादरीगेट कपिल चौधरी ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम व शिनाख्त के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया है। आसपास के इलाकों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान कर युवक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें