Farrukhabad News : रविवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद की शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला साधवाड़ा की एनएकेपी डिग्री कॉलेज के सामने वाली गली के निवासी राजेश कुमार साध अपने पूरे परिवार के साथ देहरादून गए हुए थे। मकान बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया और घर के भीतर दाखिल होकर कमरों में रखा सारा सामान खंगाल डाला।

लॉकर की जानकारी होने की जताई जा रही आशंका
घटना के दौरान चोरों ने काफी शातिराना अंदाज में काम किया। उन्होंने घर में बने लॉकरों को निशाना बनाया और यहां तक कि बाथरूम में बने लॉकर का भी ताला तोड़ दिया। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों को घर के अंदरूनी हिस्सों और लॉकर की जानकारी पहले से थी। इतना ही नहीं, चोरी के वक्त आसपास के लोग बाहर न निकल सकें, इसके लिए आरोपियों ने राजेश के भाई के बेटे और एक अन्य पड़ोसी के मकान का बाहर से गेट बंद कर दिया था।
सोमवार सुबह पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
सोमवार की सुबह जब पड़ोसियों ने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा, तो उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। जांच को आगे बढ़ाते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी फिंगरप्रिंट्स और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, परिजनों की वापसी का इंतजार
पुलिस की ओर से आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही देहरादून गए परिवार के लोग वापस लौट रहे हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद ही चोरी गए कुल जेवरात और नकदी का सटीक आकलन हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
























