फर्रूखाबाद : कायमगंज में धोखाधड़ी से दोबारा जमीन बेचने वाला 2 साल से फरार वांछित आरोपी कंपिल से गिरफ्तार

जनपद फर्रूखाबाद के कायमगंज कोतवाली पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन का बैनामा कराकर उसे दोबारा बेचने के मामले में पिछले दो साल से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कपिल थाना क्षेत्र के गांव सवितापुर बिहारीपुर निवासी शीशराम के पुत्र अवधेश कुमार के रूप में हुई। बता दें कि पुलिस उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी और थाना प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने शनिवार रात करीब 8:20 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर आरोपी को कंपिल क्षेत्र में ओम एक्स-रे के बाहर से धर दबोचा।

फर्जी दस्तावेजों के जरिए रची गई थी धोखाधड़ी

मामला 27 सितंबर 2024 का है, जब कायमगंज नगर मोहल्ला बजरिया वृंदावन निवासी धनेश वर्मा के पुत्र अंकित ने डाक के माध्यम से पुलिस को लिखित शिकायत भेजी थी। शिकायत के मुताबिक, कंपिल स्थित गाटा संख्या 230 (रकबा 0.100 हेक्टेयर), गाटा संख्या 32 (रकबा 0.080 हेक्टेयर) और गाटा संख्या 33 (रकबा 0.050 हेक्टेयर) यानी कुल 0.1966 हेक्टेयर जमीन के फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बैनामा कराया गया था। इसके बाद आरोपी ने इसी जमीन को दोबारा दूसरी जगह बेच दिया। तहरीर मिलते ही पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार, अवधेश कुमार और शिवसिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

लंबे समय से चल रही जांच के बाद मिली सफलता

इस मामले की विवेचना में समय-समय पर कई अधिकारियों का योगदान रहा। शुरुआत में इसकी जांच निरीक्षक राजेश कुमार सिंह को सौंपी गई थी। उनके स्थानांतरण के बाद मामला निरीक्षक मो० कामिल और फिर निरीक्षक सुरजीत सिंह के पास गया। वर्तमान में मुकदमे की विवेचना निरीक्षक बाढू यादव कर रहे हैं। उनकी सटीक रणनीति और पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों के चलते आखिरकार 2 साल से चकमा दे रहे आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें