फर्रूखाबाद : अपर पुलिस अधीक्षक ने किया मऊदरवाजा थाने का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

जनपद फर्रूखाबाद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और पुलिस कार्यशैली को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने मऊदरवाजा थाना का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से थाना परिसर में हड़कंप मच गया और पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई। एएसपी ने इस दौरान थाने की हर एक व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को पुलिसिंग बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण

कार्यालयों, सीसीटीएनएस और रजिस्टर का बारीकी से अवलोकन

निरीक्षण के दौरान एएसपी गिरीश कुमार सिंह ने थाना परिसर के विभिन्न कार्यालयों की कार्यप्रणाली को जांचा। उन्होंने सीसीटीएनएस कार्यालय में कंप्यूटराइज्ड रिकॉर्ड और डेटा फीडिंग की स्थिति देखी, विवेचना कक्ष में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की तथा विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन कर अभिलेखों को अद्यतन (अपडेट) रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने शस्त्रागार में शस्त्रों के रख-रखाव, अभिलेखों के मिलान, मिशन शक्ति केंद्र में महिला सुरक्षा व्यवस्था और साइबर हेल्पडेस्क पर शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की गहनता से पड़ताल की।

फर्रूखाबाद
फर्रूखाबाद

जनसुनवाई, महिला सुरक्षा और गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

एएसपी ने पुलिसकर्मियों के भोजनालय में खाने की गुणवत्ता परखी और परिसर की साफ-सफाई का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, लंबित विवेचनाओं का निपटारा और फरियादियों के साथ संवेदनशीलता व पारदर्शिता भरा व्यवहार प्राथमिकता होनी चाहिए। महिला हेल्प डेस्क पर विशेष ध्यान देने की बात कहते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फर्रूखाबाद
फर्रूखाबाद

निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी व पुलिसकर्मी

इस निरीक्षण से थाना स्तर पर व्यवस्थाओं में सुधार का एक सकारात्मक संदेश गया है। इस दौरान बजरिया चौकी इंचार्ज यतेन्द्र सिंह, एसआई पंकज कुमार, एसआई रामकेश यादव, काशीराम कॉलोनी चौकी इंचार्ज राघवेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अतुल कुमार व सूरज कुमार, तथा कांस्टेबल सौरव चौधरी, विनीत चौधरी, रिजवान अहमद और नितिन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें