जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव कटिन्ना मानिकपुर निवासी रामऔतर कश्यप के 21 वर्षीय पुत्र करण और रामशरण यादव की 20 वर्षीय पुत्री किरण के बीच लंबे समय से संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने बीते वर्ष कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। हालांकि, परिजनों को इसकी जानकारी हाल ही में मिली, जिसके बाद परिवार में तनाव की स्थिति बन गई थी।
घटनाक्रम और परिजनों का कदम
तनाव और परिस्थितियों के चलते बुधवार रात करण ने गांव के पास पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी। अगले दिन सुबह जब करण का शव गांव पहुंचा, तो इस बात से आहत होकर किरण ने भी घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इसके बाद दोनों परिवारों ने स्थानीय पुलिस को सूचित किए बिना ही काली नदी के तट पर दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की गहन जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी आमोद कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने करण के पिता रामऔतार और किरण के पिता रामशरण यादव से पूछताछ की है। परिजनों ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी गांव के निवर्तमान प्रधान के प्रतिनिधि को दी थी और उनके कहने पर ही अंतिम संस्कार किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर रही है।


























