फर्रुखाबाद : सड़क हादसे में घायल डी-फार्मा छात्र की इलाज के दौरान मौत, परिजनों में मचा कोहराम

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव मऊरशीदाबाद के मोहल्ला बड़ा बाजार जाजिया निवासी अदीब के 19 वर्षीय पुत्र समी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बता दें कि समी डी-फार्मा का छात्र था और मंगलवार, 4 अगस्त को अपने दोस्तों के साथ बाइक से शमसाबाद थाना क्षेत्र स्थित ढाईघाट पर बाढ़ का पानी देखने गया था। वापस लौटते समय बिरियाडाड़ा मार्ग पर अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इलाज के दौरान सैफई मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल समी को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद गुरुवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

होनहार बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि समी पढ़ाई में बेहद प्रतिभाशाली था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इकलौते बेटे को खोने के बाद मां रिजवाना और पिता अदीब समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने पूरी की कानूनी प्रक्रिया

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक पंचनामा भरते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी की। परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किए जाने पर पुलिस ने नियमानुसार आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें